चिंतपूर्णी, विकास -:हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नारी चिंतपूर्णी स्थित अष्टम विद्या बगलामुखी प्रकटोत्सव मंदिर में मां बगलामुखी के वार्षिक प्रकटोत्सव को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है।मंदिर के संरक्षक और मुख्य पुजारी यशपाल कौल ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 अप्रैल को आयोजित होने वाले इस विशेष उत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने सभी भक्तों को इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।उन्होंने बताया कि प्रकटोत्सव के दिन विशाल हवन-यज्ञ और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर की विशेषता बताते हुए उन्होंने कहा कि यह स्थान निस्वार्थ सेवा, आस्था और सर्वधर्म समभाव का प्रतीक है। यहां किसी भी प्रकार का व्यावसायिक लेन-देन नहीं होता और श्रद्धालु बिना किसी शुल्क के दर्शन कर सकते हैं।मंदिर परिसर में मौजूद प्राकृतिक प्रतीक विभिन्न धर्मों—हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई—की एकता का संदेश देते हैं, जो इसे अन्य धार्मिक स्थलों से अलग बनाता है। पुजारी कौल ने यह भी बताया कि मंदिर वर्ष में केवल प्रकटोत्सव के अवसर पर ही दो दिनों के लिए आम श्रद्धालुओं के लिए खोला जाता है, जिससे इसकी धार्मिक महत्ता और बढ़ जाती है।उन्होंने कहा कि मां बगलामुखी की प्राकृतिक पिंडी के दर्शन मात्र से भक्तों के दैहिक और आध्यात्मिक कष्ट दूर होते हैं।
Chandrika
