शिमला, संजू -:शिमला में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ निकालकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन के दलों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा की महिला नेताओं ने विपक्ष पर महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया और कहा कि वे महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व से दूर रखना चाहते हैं।
पदयात्रा में शामिल रीना कश्यप, डेज़ी ठाकुर और पायल वैद्य ने कहा कि संसद में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के दौरान विपक्ष का रवैया महिलाओं के प्रति उनकी सोच को उजागर करता है। उनका आरोप है कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस ने मिलकर इस विधेयक को रोकने की कोशिश की।नेताओं ने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा लाया गया यह बिल महिलाओं को विधानसभा और संसद में भागीदारी का अवसर देने वाला ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पिछले कई दशकों में उसने महिलाओं को केवल मतदाता के रूप में देखा और उन्हें नेतृत्व के अवसर नहीं दिए।
भाजपा नेताओं ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भी निशाने पर लेते हुए महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की सम्मान निधि देने के वादे की याद दिलाई। उनका कहना है कि महिलाएं आने वाले समय में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को इसका जवाब देंगी।
