राहुल चावला, धर्मशाला: लोकतंत्र के महापर्व विधानसभा चुनावों के लिए जिला कांगड़ा में तैयारियां पूरे जोरों पर है। इसी कड़ी में रविवार को जिला के 15 विधानसभा क्षेत्रों के लिए ईवीएम मशीनें भेजी जा रही हैं, जो कि संभावित आज शाम तक हर विधानसभा क्षेत्रों में पहुंच जाएंगी। इन ईवीएम मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है और ईवीएम भेजने के लिए विशेष कंटेनर ट्रक मंगवाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि पिछले कल इन ईवीएम मशीनों की रेंडमाइजेशन, राजनीतिक दलों की मौजूदगी में की गई थी।
रविवार को हर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग काउंटर बनाकर धर्मशाला से इन ईवीएम मशीनों को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लिए विशेष तौर पर मंगवाएं गए कंटेनर ट्रक के माध्यम से भेजा गया है। जिन अधिकारियों की चुनावों और ईवीएम ले जाने के लिए ड्यूटियां लगाई गई हैं, उन्होंने इन ईवीएम को भारत निर्वाचन आयोग के ईएमएस साफ्टवेयर के माध्यम से रसीव किया है। ईवीएम की सुरक्षा हेतू प्रदेश पुलिस ओर केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है। जिन ट्रकों में ईवीएम को भेजा जा रहा है, उनमें भी सुरक्षा हेतू गार्ड भेजे गए है। चुनावों में सुरक्षा और निष्पक्षता के मापदंडों को पूरा किया जा रहा है।
