हमीरपुर, अरविंद -:जिला हमीरपुर में आगामी ग्राम पंचायत और नगर निकाय चुनावों को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे जिले में पंचायत चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे। मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी और जिस दिन मतदान होगा, उसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।प्रशासन के अनुसार, मतदान केंद्रों की अंतिम सूची 7 मई को जारी की जाएगी।पंचायत चुनावों का आयोजन 26, 28 और 30 मई को विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। जिले के अलग-अलग ब्लॉकों में इन तिथियों के अनुसार मतदान संपन्न करवाया जाएगा।
उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि हमीरपुर नगर निगम, नादौन और बड़सर नगर परिषद तथा भोरंज नगर पंचायत में इस बार चुनाव नहीं हो रहे हैं, इसलिए इन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू नहीं की गई है। वहीं, सुजानपुर नगर परिषद और भोटा नगर पंचायत में चुनाव होने के कारण वहां आचार संहिता प्रभावी है।इसके अतिरिक्त जिन पंचायत क्षेत्रों में चुनाव होने हैं, वहां भी आचार संहिता लागू कर दी गई है।दूसरी ओर, पुलिस विभाग ने भी चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष टीमें तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।गौरतलब है कि हमीरपुर जिले में 6 विकास खंडों के अंतर्गत 242 ग्राम पंचायतें, 119 पंचायत समिति वार्ड और 19 जिला परिषद वार्ड शामिल हैं, जहां इन चुनावों का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन और पुलिस दोनों मिलकर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
