बिलासपुर,सुभाष ठाकुर (TSN)-प्रदेश सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल के जश्न के लिए बिलासपुर में तैयारियां जोरों पर हैं। 11 दिसंबर को आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम के लिए शहर को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाया जा रहा है। जश्न को सफल बनाने के लिए लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं।सोमवार को कार्यक्रम प्रभारी,बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बिलासपुर पहुंचकर सर्किट हाउस में तैयारियों की समीक्षा बैठक की।बैठक में पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व विधायक तिलकराज शर्मा, हिमुडा के निदेशक जितेंद्र चंदेल,और पूर्व मीडिया कॉर्डिनेटर संदीप संख्यान समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि जश्न को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।उन्होंने आश्वासन दिया कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले हर कार्यकर्ता की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस अवसर पर केंद्र से कांग्रेस के नेता भी शामिल होंगे,हालांकि नेताओं के नाम अभी तय नहीं हुए हैं।
जनता का भाजपा ध्यान भटकाने का कर रही प्रयास
मंत्री जगत सिंह नेगी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा विकास न होने की बात कह रही है,जबकि शहर में विकास कार्यों को दर्शाने वाले बड़े-बड़े बैनर और बोर्ड लगाए गए हैं।उन्होंने भाजपा पर जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए इसे उनकी पुरानी आदत बताया।
