हमीरपुर, अरविंद -:वन वृत्त हमीरपुर ने मानसून सीजन के दौरान बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। इस वर्ष हमीरपुर, ऊना और देहरा वन मंडलों में कुल 578 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधे लगाए जाएंगे। विभाग की ओर से जंगलों और सरकारी भूमि पर अमलतास, हरड़, बेहड़ा, शीशम, जामुन, खैर सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया जाएगा।
वन विभाग ने राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत 448 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधरोपण का लक्ष्य तय किया है। इस योजना में स्वयं सहायता समूह, महिला मंडल और युवक मंडल भी भाग ले सकेंगे। यदि कोई समूह लगाए गए पौधों में एक वर्ष बाद 50 प्रतिशत से अधिक पौधों का संरक्षण सुनिश्चित करता है, तो उसे एक लाख रुपये तक का प्रोत्साहन दिया जाएगा। यह प्रोत्साहन निर्धारित नियमों के अनुसार अगले पांच वर्षों तक उपलब्ध कराया जाएगा।इसके अतिरिक्त अन्य योजनाओं के तहत करीब 130 हेक्टेयर क्षेत्र में भी पौधरोपण किया जाएगा। वन विभाग लोगों को जंगलों और सरकारी भूमि पर पौधारोपण के लिए निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएगा। विभाग की नर्सरियों में पौधे पहले ही तैयार कर लिए गए हैं।अरण्यपाल हमीरपुर सर्किल निशांत मंडोत्रा ने बताया कि मानसून के साथ पौधरोपण अभियान शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य पर्यावरण संरक्षण के साथ अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित करना है। उन्होंने लोगों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि वन विभाग की ओर से वन महोत्सव सहित विभिन्न पौधरोपण कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
