अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भाजपा के प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाने के लिए हिमाचल में रैलियां कर रहे हैं। 9 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सुजानपुर दौरा प्रस्तावित है जिसे लेकर तैयारियां भी भाजपा की ओर से की जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर की जा रही तैयारियों का रविवार को जायजा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपनी टीम सहित लिया।
उन्होंने यहां पार्टी नेताओं और दूसरे लोगों को रैली कार्यक्रम को लेकर दिशा-निर्देश भी दिए और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुजानपुर की रैली ऐतिहासिक रैली होगी। प्रधानमंत्री ने जिस ढंग से अपना प्यार इस प्रदेश को दिया है उसकी दूसरी मिसाल नहीं है। जब भी हिमाचल ने उन्हें बुलाया है वह उनके निमंत्रण को स्वीकार कर दिल खोलकर यहां आए हैं।
इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने 5 सालों में बहुत अब बेहतर काम किया है जो वादे लोगों से किए गए थे उससे भी बढ़कर काम प्रदेश के लोगों के विकास के लिए सरकार की ओर से किया गया है। वहीं उन्होंने भाजपा की ओर से जारी घोषणा पत्र पर बात करते हुए कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में हर वर्ग के कल्याण की चीजें रखी गई है चाहे वह बेटियों को स्कूटी और साइकिल की सुविधा देने की बात हो या फिर रोजगार के नए अवसर देने के बात हो।
उन्होंने कहा कि इस संकल्प पत्र को लोगों के सुझाव लेकर ही तैयार किया गया है। भाजपा जो वायदे करती है उन्हें अपनी सरकारों के कार्यकाल के अंदर ही पूरा करके भी दिखाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी एक बार फिर से मिशन रिपीट करके इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास ना नेता है ना नेतृत्व ओर ना ही नीतियां कांग्रेस के पास अब बची है ऐसे में वो लोगों को क्या देंगे।
