ऊना,राकेश -: महिलाओं को प्रतिमाह ₹1500 देने की गारंटी के मुद्दे को लेकर कुटलैहड़ भाजपा महिला मोर्चा 25 सितंबर को जन आक्रोश रैली निकालेगा। भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो के नेतृत्व में प्रस्तावित रैली बंगाणा स्थित भाजपा कार्यालय से शुरू होकर एसडीएम कार्यालय तक पहुंचेगी। भाजपा के अनुसार रैली में करीब छह सौ महिलाएं शामिल होंगी।
भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं को हर माह ₹1500 देने का वादा किया गया था। उनका कहना है कि सरकार के कार्यकाल के 46 माह पूरे हो चुके हैं और इस हिसाब से प्रति महिला ₹69 हजार की राशि बनती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि महिलाओं को इस राशि के भुगतान को लेकर स्पष्ट स्थिति सार्वजनिक की जाए।उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा शांतिपूर्ण तरीके से रैली निकालकर अपनी मांग सरकार तक पहुंचाएगा। रैली के बाद एसडीएम के माध्यम से सरकार के नाम मांग-पत्र सौंपा जाएगा। इसमें ₹1500 मासिक गारंटी के तहत 46 माह की राशि का भुगतान करने की मांग प्रमुख रूप से रखी जाएगी।भुट्टो ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से अब पात्रता और लाभार्थियों के दायरे को लेकर नए नियम सामने लाए जा रहे हैं। भाजपा पहले भी इस मुद्दे पर सरकार पर चुनावी वादे से पीछे हटने का आरोप लगाती रही है।भाजपा नेता ने प्रदेश सरकार पर अन्य वर्गों की मांगों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कर्मचारी, पेंशनर, युवा, किसान और महिलाएं अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने सरकार पर ‘मित्र मंडल’ के माध्यम से चलने का आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान घोषित दस गारंटियों में से कितनी पूरी हुईं, सरकार को इसका सार्वजनिक हिसाब देना चाहिए।

