शिमला,संजू-: हिमाचल प्रदेश की राजनीति में पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में चुनावी रोस्टर को लेकर लगातार असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उनके अनुसार, कुछ ही दिनों में अलग-अलग रोस्टर जारी किए जा रहे हैं और हर बार आरक्षण का स्वरूप बदल रहा है।
बिंदल ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरनाक बताते हुए कहा कि इस तरह की प्रक्रिया से जनता का विश्वास कमजोर हो रहा है।उन्होंने कहा कि एक दिन जारी किया गया रोस्टर अगले ही दिन बदल जाता है और फिर तीसरे दिन नया स्वरूप सामने आ जाता है। इस स्थिति में न तो उम्मीदवारों को स्पष्टता मिल पा रही है और न ही आम जनता को। उन्होंने इसे चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास बताया।राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बढ़ते टैक्स और महंगाई ने आम आदमी की जिंदगी को मुश्किल बना दिया है। डीजल पर वैट और प्रस्तावित सेस को लेकर उन्होंने कहा कि इससे परिवहन लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों पर पड़ेगा।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीमेंट, बिजली, पानी और परिवहन सेवाओं की कीमतों में बढ़ोतरी से जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। उनके मुताबिक, राशन डिपो में बढ़ती कीमतों ने भी गरीब और मध्यम वर्ग को प्रभावित किया है।एंट्री टैक्स के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि इससे प्रदेश की छवि प्रभावित हो रही है और बाहरी राज्यों में गलत संदेश जा रहा है।अंत में उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता के बीच असंतोष बढ़ रहा है और लोग विभिन्न क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका दावा है कि जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले समय में इसका असर चुनावों में देखने को मिलेगा।
TAGGED:
Shimla BJP state president
Chandrika
