बिलासपुर, सुभाष-:उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत बलोह के गांव बलोह में शनिवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब खेतों में एक संदिग्ध गुब्बारा देखा गया। यह गुब्बारा हवाई जहाज के आकार का था, जिस पर “Pakistan International Airline” साफ लिखा हुआ था।
स्थानीय निवासी राजकुमार ने बताया कि सुबह खेतों में काम कर रहे लोगों की नजर इस गुब्बारे पर पड़ी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस थाना तलाई को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया।एक अन्य स्थानीय निवासी, राजेश गौतम ने बताया कि इस तरह का गुब्बारा गांव में मिलना चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से इसकी गहन जांच कराने की मांग की है, ताकि इसके पीछे की सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
