राहुल चावला, इंदौरा: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को हिमाचल के इंदौरा से होकर गुजर रही हैं। कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा के 124वें दिन देवभूमि हिमाचल में राहुल गांधी 24 किलोमीटर पैदल सफर कर रहे हैं। यात्रा में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों सहित करीब 15 हजार कार्यकर्ता शामिल हैं। वहीं राहुल गांधी शाम के समय मलोट में जनसभा भी करेंगे।
यह रहेगा पूरा रूट प्लान
पंजाब से सटे हिमाचल के मीलवां से सुबह 6:00 बजे शुरू हुई यह यात्रा मिरथल से होते हुए काठगढ़ पहुंचेगी। इस दौरान राहुल गांधी काठगढ़ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। करीब 1:00 बजे बाई इंदौरिया में भोजन करेंगे। इसके बाद यात्रा इंदौरा से होते हुए 4:00 बजे मलोट पहुंचेगी। यहां 5:30 बजे तक राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद मलोट से होते हुए यात्रा पठानकोट के लिए रवाना होगी। पठानकोट से यात्रा जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी। यात्रा मे मुख्यमंत्री सुक्खू, पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए हैं।
