सोलन (योगेश शर्मा): हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी है। ऐसी बारिश में लगातार भूस्खलन के मामले भी सामने आ रहे हैं। एनएच पांच पर भी भूस्खलन के मामले आने से यातायात बाधित हो रहा है। सुबह-सवेरे से हो रही बारिश से लगातार भूस्खलन के मामले सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में एनएच पांच पर नगर पंचायत कंडाघाट के बाजार के समीप पहाड़ का ल्हासा मुख्य सड़क पर आ जाने के चलते यह मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। जिसके चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई है। जैसे ही स्थानीय पुलिस को मार्ग के बंद होने के पता लगा वैसे ही पुलिस मार्ग को खोलने को व्यवस्था में जुट गया।
सड़क पर ल्हासे के साथ चील का पेड़ भी सड़क पर आ गया। पेड़ को काटने के बाद इस मार्ग को वन वे के लिए खोला गया है। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर कंडाघाट और चंबाघाट में भारी मलबा और पत्थर सड़क पर गिर गए हैं। इस कारण कंडाघाट में ट्रैफिक सिंगल साइड चलाया जा रहा है। जबकि चंबाघाट के पास मलबे के नीचे एक बाइक दब गई है। फोरलेन निर्माण करने वाली कंपनी के कर्मचारी जेसीबी की सहायता से मलबे को हटाने का काम कर रहे हैं। इसी तरह की घटनाएं नेशनल हाईवे पर कई जगह हुई हैं। इससे ट्रैफिक प्रभावित हो रहा है। वहीं मौसम विभाग ने 20 और 21 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार दिन को भी भारी बारिश हुई और रात भर बारिश होती रही।
पुलिस ने नेशनल हाइवे पर सफर करने वालों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। बता दें कि बीती रात्रि से क्षेत्र में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। शनिवार सुबह भी बारिश लगी रही जिसके चलते मुख्य सड़क मार्ग पर कंडाघाट बाजार के समीप पहाड़ का ल्हासा आ गिया। वही जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर पड़े ल्हासे को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
