मनमिन्दर अरोड़ा/कुल्लू: एपीएमसी के मुख्य सलाहकार रमेश शर्मा के घर में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने एक बैठक की। जिससे राजनीतिक माहौल पूरी तरह से गरमा गया है। इस बैठक को रमेश शर्मा की भाजपा से टिकट की दावेदारी से जोड़ा जा रहा है। हालांकि कुल्लू विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से टिकट के दावेदार पूर्व सांसद महेश्वर सिंह और एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह को दावेदार माना जा रहा है लेकिन अब रमेश शर्मा के घर में हुई कार्यकर्ताओं की बैठक से भाजपा के अंदर एकाएक खलबली मच गई है। लिहाजा रमेश शर्मा के घर में हुई इस बैठक के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
ऐसे में कुल्लू विधानसभा क्षेत्र से एपीएमसी के मुख्य सलाहकार रमेश शर्मा भी चुनावी ताल ठोक सकते हैं। रमेश शर्मा भाजपा के वरिष्ठ नेता है और कुल्लू विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता के बीच उनकी पकड़ काफी मजबूत है। रमेश शर्मा ने अपने निवास स्थान पर बीजेपी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक का आयोजन किया। जिसमें कार्यकर्ताओं ने भी यह इशारा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में रमेश शर्मा भी चुनावी ताल ठोक सकते हैं।
ऐसे में अगर पूर्व विधायक महेश्वर सिंह और प्रदेश बीजेपी उपाध्यक्ष राम सिंह के नाम पर भाजपा संगठन की सहमति नहीं बनती है तो भाजपा रमेश शर्मा के नाम से भी विधानसभा चुनाव में ताल ठोक सकती है। हालांकि अपने घर में हुई बैठक को रमेश शर्मा ने एक आम बैठक बताया लेकिन सैकड़ों की भीड़ ने यह जता दिया कि कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में रमेश शर्मा एक सशक्त नेता है। वही, एपीएमसी के मुख्य सलाहकार रमेश शर्मा का कहना है कि वह भाजपा के एक सच्चे सिपाही हैं और लंबे समय से में संगठन के साथ जुड़े हुए हैं। ऐसे में आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा जिस भी प्रत्याशी को अपना उम्मीदवार घोषित करती है। उसका पूरा साथ दिया जाएगा और प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में दोबारा सरकार बनाई जाएगी
