चंबा: पंजाब के पटियाला में सेल्समैन की नौकरी कर रहे हिमाचल के चंबा के युवक विकास कुमार की अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। बता दें कि मृतक की पहचान विकास कुमार पुत्र प्रभात सिंह चंबा के भटियात क्षेत्र की होबार पंचायत के गांव मतियार के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर सुनते ही गांव में मातम छा गया।
मीडिया सूत्रों के हवाले से आरोपी ने उस समय युवक पर हमला किया जब वह दुकान पर अकेला था। आरोपी ने दुकान पर आकर पहले उसके सिर व पेट पर चाकू से कई वार किए। जिससे वह गंभीर हालत में जमीन पर गिर गया। घायल युवक को लोगों ने किसी तरह अस्पताल में भर्ती करवाया जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन पटियाला आ गए। मृतक का शव शुक्रवार देर रात गांव पहुंचा और शनिवार को अंतिम संस्कार किया गया।
शराब की दुकान पर सेल्समैन की नौकरी करता था मृतक
मृतक पंजाब के पटियाला में शराब की दुकान पर बतौर सेल्समैन की नौकरी करता था। मृतक अपने घर में सप्ताह की छुट्टियां गुजारने के बाद 22 सितंबर को पटियाला के लिए रवाना हुआ था। बता दें कि मृतक अपनी 3 बहनों का इकलौता भाई था। वह पंप ऑपरेटर का डिप्लोमा करने के बाद नौकरी की तलाश में पटियाला आया था। जहां उसे शराब की दुकान पर बतौर सेल्समैन की नौकरी मिली। पिछले 2 सालों से वह इसी दुकान पर काम कर रहा था।
