Shimla, Sanju –हिमाचल प्रदेश में मौसम इन दिनों सुहावना बना हुआ है। दिन में तेज धूप और सुबह-शाम की ठंडक लोगों को सर्दियों की दस्तक का एहसास कराने लगी है।मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश में 2 नवंबर तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा, क्योंकि इस अवधि में किसी भी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना नहीं है।
शर्मा के अनुसार, प्रदेश के निचले इलाकों में सुबह और शाम के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पारा शून्य के करीब पहुंच गया है।लाहौल-स्पीति में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जिससे वहां ठंड का असर और बढ़ गया है।
वहीं मैदानी इलाकों में दिन का तापमान अभी भी सामान्य बना हुआ है।ऊना प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हमीरपुर में 31 डिग्री, बिलासपुर में 30.3 डिग्री और सुंदरनगर में 28.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री, जबकि न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।कुकुमसेरी और केलांग जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है — केलांग में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री, जबकि कल्पा में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और कहीं भी वर्षा या बर्फबारी दर्ज नहीं की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 15 नवंबर के बाद से विंटर सीजन की शुरुआत मानी जाती है। दिसंबर के तीसरे सप्ताह या जनवरी के पहले हफ्ते से राजधानी शिमला में बर्फबारी की संभावना रहती है।शर्मा ने बताया कि फिलहाल हिमाचल की हवा पूरी तरह स्वच्छ है और प्रदूषण का स्तर सामान्य बना हुआ है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में पर्यटक स्वच्छ और शांत वातावरण का आनंद लेने हिमाचल के पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं।
संदीप कुमार शर्मा, वैज्ञानिक, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला
अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। फिलहाल कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान गिरा है, लेकिन बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है।
