भावना, शिमला: राजधानी शिमला में हिंदू धर्म के विरोध में नारे लगाने से उपजा विवाद अभी थमा नहीं हैं कि अब शनिवार को मंडी में हुई भाजपा की युवा संकल्प रैली से भी अब ऐसा ही एक विवाद उठ खड़ा हुआ है। रैली में एक व्यक्ति की ओर से भगवान हनुमान जी का वेश धारण करने पर विवाद खड़ा हो गया है। ऐसा करने पर भगवान हनुमान का मज़ाक उड़ाने के आरोप भीम आर्मी एकता मिशन की ओर से लगाए जा रहे हैं। भीम आर्मी एकता मिशन ने इसको लेकर भाजपा पर निशाना साधा है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से माफी मांगने की मांग की है।
भीम आर्मी एकता मिशन हिमाचल अध्यक्ष रवि कुमार दलित ने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा की संकल्प रैली में भगवान हनुमान का खुलेआम मजाक उड़ाया गया। रैली में हनुमान का रूप धारण करने वाले व्यक्ति ने गद्दा ओर सर पर कमल का फूल लगाए थे और हनुमान जी ने सीना चिर कर राम जी को दिखाया गया था जबकि उस जगह पर व्यक्ति ने मोदी की तस्वीर लगाई थी जोकि भगवान राम और हनुमान का अपमान है।
उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म ओर देवी देवताओं का कोई भी अपमान करता है तो हिन्दू संगठन आरएसएस सड़को पर उतर कर प्रदर्शन करते है। वहीं भाजपा की रैली में खुलेआम भगवान हनुमान का मजाक उड़ाया गया तो सब संगठन चुपी साधे हुए हैं। कोई इसका विरोध नहीं कर रहा है ओर क्यों इसके खिलाफ़ मामला दर्ज नहीं करवाया जा रहा है। इस तरह से भगवान हनुमान का अपमान किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा राजनीतिक फायदे के लिए धर्म का प्रयोग कर रही है, जबकि राजनीतिक रैलियों से देवी देवताओं और धर्म को दूर रखा जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और रैली आयोजक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
