संजीव महाजन,नूरपुर: प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं,ऐसे में नूरपुर में चुनाव में जिन कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है उनके लिए दूसरी चुनावी रिहर्सल का आयोजन किया गया। यह चुनावी रिहर्सल उपमंडल से चुनावी ड्यूटी के लिए तैनात सेक्टर ऑफिसर, नोडल ऑफिसर सहित पीठासीन ओर मतदान अधिकारियों के लिए स्थानीय राजकीय आईटीआई परिसर में आयोजित की गई।
इस दौरान कंपनी के इंजीनियरों की ओर से ईवीएम व वीवीपैट के इस्तेमाल के बारे में बारीकी से टिप्स दिए गए। इस पूर्वाभ्यास में एक हज़ार से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।
सामान्य चुनाव पर्यवेक्षक भुवनेश प्रताप सिंह ने इस ट्रेनिंग सेशन को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चुनाव डयूटी के लिए नियुक्त सभी अधिकारी व कर्मचारी भारत चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार कार्य करने के लिए बाध्य है, इसलिए अपने कार्य के प्रति पूरी सावधानी ओर सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।
उन्होंने चुनावी ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों से कहा कि चुनाव आयोग की ओर से जारी हिदायतों की पूर्ण अनुपालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव सम्पन्न करवाना हमारा महत्वपूर्ण दायित्व है।
निर्वाचन अधिकारी (एसडीएम) अनिल भारद्वाज, 06-नूरपुर विधानसभा क्षेत्र ने पूर्वाभ्यास में शामिल अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अभ्यास करवाने का मुख्य उद्देश्य समस्त चुनाव प्रक्रियाओं से शतप्रतिशत निपुण बनाना है ताकि निर्वाचन के समय कोई दिक्कत न हो। इस अवसर पर निर्वाचन कानूनगों संजय शर्मा ने चुनाव संबंधित विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक जानकारी दी।
