हमीरपुर/अरविंद-:हमीरपुर जिले के पुलिस थाना हमीरपुर के अंतर्गत आने वाले पक्का भरो क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया कुछ सामान भी बरामद किया है।अदालत में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है, ताकि चोरी में शामिल अन्य तथ्यों और गायब सामान का पता लगाया जा सके।जानकारी के अनुसार, पक्का भरो क्षेत्र में स्थित एक दुकान में तांबा, एल्यूमिनियम और अन्य महंगी धातुओं का सामान बड़ी मात्रा में रखा गया था। अज्ञात चोर वहां से लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस का शक हमीरपुर निवासी सूरज और राजीव पर गया। पूछताछ के बाद दोनों को हिरासत में लिया गया और उनके पास से चोरी किए गए सामान का एक हिस्सा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 40 किलोग्राम एल्यूमिनियम बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने चोरी किया गया यह एल्यूमिनियम एक कबाड़ की दुकान पर करीब छह हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किया गया तांबा, पीतल और अन्य सामान कहां छिपाया गया है या किसे बेचा गया है।मामला मोहम्मद आजाद की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उन्होंने तांबा, एल्यूमिनियम और अन्य कीमती सामान एक स्थान पर सुरक्षित रखा हुआ था। जिस भवन में सामान रखा गया था उसकी एक दीवार हाल ही में हुई बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी। आशंका जताई जा रही है कि चोर इसी टूटी हुई दीवार के रास्ते अंदर दाखिल हुए और लाखों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने चोरी हुए सामान की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई है।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। सूरज कबाड़ का कारोबार करता है और उसके खिलाफ चोरी तथा नशे से जुड़े करीब सात मामले दर्ज हैं। वहीं राजीव पर चोरी और मारपीट के लगभग तीन मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि अदालत से दोनों आरोपियों का तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है। इस दौरान उनसे गहन पूछताछ की जाएगी ताकि चोरी हुए शेष सामान की बरामदगी की जा सके और यह भी पता लगाया जा सके कि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
