बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: शिव शक्ति युवक मंडल कवाली टटोह ने ग्राम- पंचायत, धार-टटोह के विभिन्न वार्डों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया। इसमें हिडिंबा महिला मंडल कवाली टटोह और महिला मंडल टटोह ने युवक मंडल का सहयोग किया। युवक मंडल कवाली टटोह के प्रधान अभिषेक ठाकुर ने बताया कि भारत में प्रत्येक व्यक्ति को मत का संवैंधानिक अधिकार मिला है, लेकिन ज्यादातर लोग अपने मत के मूल्य को नहीं पहचान पाते है और देश-प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित नहीं कर पाते है।
लोकतंत्र को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता को मतदान केन्द्र तक पहुँचा कर उसका मतदान करवाना जरूरी है ताकि, हर व्यक्ति अपने मताधिकार का उपयोग करने के साथ- साथ स्वस्थ लोकतंत्र के लिए योग्य प्रतिनिधि का चुनाव कर उसकी जवाबदेही भी सुनिश्चित कर सकें। इस अवसर पर युवक मंडल के सदस्यों ने संकल्प लिया कि पंचायत के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक बूथ पर शत-प्रतिशत मतदान करवाने का प्रयास किया जायेगा। इस अभियान में हिडिंबा महिला मंडल कवाली के प्रधान रजनी ठाकुर, सदस्य बतीं देवी, सत्य देवी, जमुना ठाकुर, सुनीता ठाकुर, महिला मंडल टटोह की प्रधान रूमा शर्मा और वार्ड मेंबर मंजूषा ठाकुर ने युवक मंडल का सहयोग किया।
