कुल्लू/मनमिन्द्र अरोड़ा: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों के साथ बहुत छोटे स्तर की राजनीति कर रही है। कर्मचारियों को जो ओपीएस बहाली का आश्वासन कांग्रेस दे रही है वह सब झूठ है। क्योंकि राजस्थान में ओपीएस बहाली की अधिसूचना जारी हुए 9 महीने से अधिक का समय हो गया है, लेकिन अभी तक कांग्रेस सरकार उसे बहाल नहीं कर पाई। ढालपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राजस्थान में अब कर्मचारी इस मामले को लेकर अदालत में भी चले गए हैं। इससे पता चलता है कि कांग्रेस कर्मचारियों को किस तरफ से झूठ में रख रही है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ढालपुर में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
मैंने किसी भी बागी नेता को नहीं कहा कभी छोटा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को ढालपुर का दौरा किया और यहां पर एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। चुनावी जनसभा में बागी नेताओं के सवाल पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मैंने किसी भी बागी नेता को छोटा नहीं कहा है। जबकि एक नेता ने मुझे छोटा दर्शाने की कोशिश की है। ऐसे में उन नेताओं को भी पहले अपना स्तर देखना चाहिए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने जो अपना संकल्प पत्र जारी किया है उसमें समाज के सभी वर्गों के हितों की बातों को ध्यान में रखा गया है। इसके अलावा प्रदेश का विकास भाजपा का प्रमुख मुद्दा है और डबल इंजन के सरकार के माध्यम से प्रदेश में विकास कार्यों को तेज गति से पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के दो विधायक भाजपा के हो गए हैं। ऐसे में इस विधानसभा चुनाव में बीते विधानसभा चुनाव के मुकाबले अधिक सीटें जीतकर भाजपा प्रदेश में सरकार बनाएगी।
