भावना, शिमला: विधानसभा चुनावों का समय प्रदेश में बेहद करीब है और ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के बीच बयान बाजी भी जोरों शोरों से चल रही है। वहीं अब सुखविंदर सिंह सुक्खू के सरकार की ओर से लिए जा रहे कर्ज पर की गई बयानबाजी पर सतपाल सिंह सत्ती ने पलटवार किया है। वित्त आयोग अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि नेतृत्व और मुद्दाविहीन हो चुकी कांग्रेस पार्टी इतनी हताश हो चुकी है कि उसके नेता अपने छह बार के मुख्यमंत्री को ही कटघरे में खड़ा करने वाले बयान दे रहे है।
सतपाल सिंह सत्ती ने कर्ज को लेकर सुखविदर सिंह सुक्खू के बयान पर पूछा कि क्या उन्होंने कभी वीरभद्र सिंह से पूछा था कि उनकी सरकार ने 30 हजार करोड़ रुपए का लोन क्यों लिया था? सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि वीरभद्र सरकार में न तो कोविड महामारी थी न ही उन्होंने जनकल्याण के लिए कोई योजनाएं चलाईं, न ही उन्हें कर्मचारियों को नया वेतनमान देना पड़ा, न तो कोई फोरलेन बनाए न ही मेडिकल क़ॉलेज। इसके बावजूद उन्होंने पांच वर्ष के दौरान जो 30 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लिया वो कहां खर्च किया?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह बताएं कि जो 1500 रुपए और 300 यूनिट बिजली की गारंटी दे रखी है उसके लिए पैसा कहां से आएगा? उन्होंने कांग्रेस की ओर से की जा रही घोषणाओं पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस बिना प्लानिंग के ही घोषणाएं कर रही है। ऐसा लगता है मानो कांग्रेसी राजनीति न कर रहे हैं, पंसारी की दुकान खोलकर बैठे हैं।
