Shimla, 26 December-:नए साल की दस्तक के साथ ही हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। पहाड़ी राज्य में चांदी की सफेद चादर बिछने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी के अनुसार, इस बार नए साल का स्वागत बर्फ के फाहों के साथ हो सकता है। इससे न सिर्फ पहाड़ों की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि क्रिसमस और न्यू ईयर मनाने पहुंचे पर्यटकों का उत्साह भी दोगुना हो गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि 30 और 31 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलेगा। खासकर उच्च पर्वतीय जिलों लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू और मंडी के ऊपरी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। वहीं, निचले इलाकों में बारिश के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी।
दूसरी ओर, कोहरे को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बिलासपुर जिले में घने कोहरे के चलते ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इसके अलावा हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे की वजह से दृश्यता कम हो सकती है, ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से जारी ड्राई स्पेल ने किसानों और बागवानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।अक्टूबर के बाद से प्रदेश में बारिश बेहद कम हुई है। आंकड़ों के अनुसार, 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक सिर्फ 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 99 फीसदी कम है। सामान्य तौर पर इस अवधि में 27.2 मिलीमीटर बारिश होती है। ऐसे में अब बर्फबारी और बारिश की उम्मीद से लोगों ने राहत की सांस ली है।
