अरविंदर सिंह,हमीरपुर (TSN): प्रदेश सरकार की ओर से हमीरपुर जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों की 1-1 ग्राम पंचायत में सोलर पावर प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए जगह का चयन कर स्वीकृति के लिए मामला प्रदेश सरकार को भेज दिया गया हैं। जिलाधीश हमीरपुर हेमराज बैरवा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने राज्य को 31 मार्च, 2026 तक हरित ऊर्जा राज्य के रूप में विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया हैं। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं के साथ ही आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
उपायुक्त हमीरपुर हेमराज बैरवा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने पहले राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की एक एक ग्राम पंचायतों को पायलट आधार पर हरित पंचायत के रूप में विकसित करने की रूपरेखा तैयार की थी, लेकिन अब प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 1 ग्राम पंचायत का चयन किया जा रहा हैं। इन पंचायतों में 500 किलोवाट से एक मेगावाट विद्युत उत्पादन क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी।
हिमाचल प्रदेश ऊर्जा क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत इस परियोजना से पंचायत में जहां रोजगार के साधन सृजित होंगे, वहीं पंचायत को भी सालाना कम से कम 10 लाख रुपए की आय होगी।
