हमीरपुर, अरविन्द -:हमीरपुर जिले की टौणी देवी क्षेत्र की ग्राम पंचायत टपरे के अंतर्गत आने वाले नौहगी गांव में रविवार का दिन बेहद भावुक और दुखद रहा। भारतीय सेना के जवान अभिषेक कुमार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जैसे ही उनकी पार्थिव देह तिरंगे में लिपटी हुई पैतृक गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था और गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
अभिषेक कुमार की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए कुछ समय तक उनके घर के आंगन में रखा गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और आसपास के क्षेत्रों के लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग जवान की असामयिक मृत्यु पर दुख व्यक्त कर रहे थे। बाद में सैन्य सम्मान के साथ उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। “भारत माता की जय” और “वीर जवान अमर रहें” जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। श्मशान घाट में पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके बड़े भाई अरुण ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मुखाग्नि दी।
जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय अभिषेक कुमार पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें काला पीलिया (जॉन्डिस) की शिकायत थी और उनका इलाज दिल्ली स्थित आर्मी आरआर अस्पताल में चल रहा था। शनिवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।बताया जा रहा है कि अभिषेक करीब एक महीने पहले छुट्टी पूरी करने के बाद ड्यूटी पर हिसार लौटे थे। वहीं अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्हें खून की उल्टियां और दस्त की समस्या हुई, जिसके बाद चिकित्सकीय जांच करवाई गई। जांच में काला पीलिया होने की पुष्टि हुई। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन लगातार बिगड़ती हालत के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
अभिषेक कुमार वर्ष 2017 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और पूरी निष्ठा के साथ देश सेवा कर रहे थे। वर्ष 2024 में उनका विवाह हुआ था और उनका नया पारिवारिक जीवन अभी शुरू ही हुआ था। उनकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।सुजानपुर के विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने भी जवान के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि अभिषेक का परिवार लंबे समय से सेना से जुड़ा रहा है। उनके पिता जनक राज सेना में कैप्टन पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। विधायक ने कहा कि अभिषेक कुमार का देश सेवा के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा और उनका निधन पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है।
TAGGED:
Hamirpur Martyer Abhishek Kumar
Chandrika
