शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमण्डल की बैठक आयोजित की गई। जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए। इस बैठक में प्रदेश के सभी जिला को लेकर लिए गए निर्णयों से लग रहा है कि इसमें विधानसभा चुनाव को देखते हुए जनता को सौगात देने का प्रयास किया गया है। बैठक में हिमाचल प्रदेश के लिए बल्क ड्रग फार्मा पार्क को मंजूरी देने के लिए केंद्र सरकार विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने आशा व्यक्त की कि यह पार्क हिमाचल के विकास में एक मील पत्थर साबित होगा और इससे प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
मंत्रिमंडल ने आयुष विभाग में पूर्व सैनिक श्रेणी के आयुर्वेदिक चिकित्सा
अधिकारियों के 98 पदों को अनुबंध आधार पर भरने का निर्णय लिया। इनमें से 68 पद सीधी भर्ती के माध्यम से और शेष बैच के आधार पर भरे जाएंगे।मंत्रिमंडल ने प्रदेश के कुछ क्षेत्रों को हिमाचल प्रदेश ग्राम एवं नगर योजना अधिनियम-1977 के दायरे से बाहर करने के लिए जल शक्ति मंत्री की अध्यक्षता में गठित मंत्रिमण्डल उप समिति की सिफारिशें स्वीकार करने का निर्णय लिया। इस उप समिति ने फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्गों के दोनों ओर नियंत्रण चौड़ाई के किनारे से 50 मीटर के बाहर के क्षेत्रों, राष्ट्रीय राजमार्गों के दोनों ओर नियंत्रण चौड़ाई के किनारे से 30 मीटर के बाहर और राज्य राजमार्ग अथवा मुख्य जिला मार्गों के दोनों ओर नियंत्रण चौड़ाई के किनारे से 10 मीटर के बाहर के क्षेत्रों को ग्राम एवं नगर योजना अधिनियम-1977 के दायरे से बाहर करने की सिफारिश की हैै। इससे प्रदेश के 21 योजना क्षेत्रों और 15 विशेष क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलेगी।
मंत्रिमंडल ने चंबा जिले में क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए साहो में नई उप-तहसील खोलने व इसमें विभिन्न श्रेणियों के 12 पद भरने को भी मंजूरी प्रदान की। बैठक में ऊना जिले की अंब तहसील के अंतर्गत सपौरी और वेहर जसवां में आवश्यक पदों के सृजन के साथ दो नए पटवार वृत खोलने को स्वीकृति दी गई। मंत्रिमंडल ने शिमला जिले की ननखड़ी तहसील के अंतर्गत थैली चकटी में विभिन्न श्रेणियों के 12 पदों के सृजन के साथ नई उपतहसील के गठन को मंजूरी दी। बैठक में ऊना जिले की उपतहसील दुलैहड़ के अंतर्गत बीटन में नया पटवार वृत खोलने के साथ ही आवश्यक पदों के सृजन को स्वीकृति प्रदान की गई।
मंत्रिमंडल ने शिमला जिले की रामपुर तहसील के अंतर्गत ज्यूरी में नई उपतहसील खोलने तथा इसमें विभिन्न श्रेणियों के 12 पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया। इसके अलावा बिलासपुर जिले की उपतहसील भराड़ी को पूर्ण तहसील के रूप में स्तरोन्नत करने व इसमें आवश्यक पदों को सृजित कर भरने को भी मंजूरी प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में विभिन्न श्रेणियों के 36 पदों को सृजित कर भरने का भी निर्णय लिया। बैठक में कारागार एवं सुधार सेवा विभाग में डिस्पेंसर के 2 पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से अनुबंध के आधार पर भरने को मंजूरी दी गई।मंत्रिमंडल ने जिला मंडी की तीन ग्राम पंचायतों जाच्छ, मशोगल और कुटाहची को गोहर से स्थानांतरित करके विकास खंड चुराग में सम्मिलित करने का निर्णय लिया।
पांच चिकित्सा महाविद्यालयों में भरे जाएंगे मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ता के पद
बैठक में प्रदेश के पांच चिकित्सा महाविद्यालयों आईजीएमसी शिमला, डॉ. आरपीजीएमसी टांडा, डॉ. वाईएसपीजीएमसी नाहन, डॉ. आरकेजीएमसी हमीरपुर और एसएलबीएसजीएमसी नेरचौक में मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ता का एक-एक पद अनुबंध के आधार पर भरने का निर्णय भी लिया गया। इसके अलावा बैठक में कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के घरोह में नया आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने के साथ ही आवश्यक पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया।
