बद्दी (जगत सिंह): कहने को तो प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र बद्दी बरोटीवाला नालागढ़ है और यहां से सरकार के खाते में करोड़ों रुपया राज्यव के रूप में जमा होता है। प्रदेश में कांग्रेस की भी सरकार रही और भाजपा की भी सरकार , लेकिन किसी भी सरकार ने क्षेत्र के लोगों की मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को दूर करने को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। आलम यह है दून विधानसभा क्षेत्र के साईं पंचायत के लोग आज भी नरक की जिंदगी जीने को मजबूर है। ग्रामीणों ने सरकार को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर जल्द उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह आने वाले विधानसभा चुनावों का बहिष्कार करेंगे। बता दें कि साई पंचायत दून विधानसभा क्षेत्र में पढ़ती है और यहां से भाजपा के विधायक परमजीत सिंह पम्मी है।
सरकार को बने हुए करीबन साढ़े 4 साल से ज्यादा का समय हो चुका है। लेकिन साई पंचायत के कई गांवों के लोग का पक्की सड़क से जुड़ने का सपना आज भी बना हुआ है। ग्रामीणों की माने तो आजादी के 75 वर्ष बीत गए हैं और सरकार अमृत महोत्सव बनाने में व्यस्त है और गांव के लोग सड़क जैसी सुविधा से जुड़ने का आज भी सपना सजाए हुए हैं। बता दें कि साई पंचायत के कई गांवों को आज भी कच्चा रास्ता लगता है और करीबन तीन-चार किलोमीटर की सड़क नहीं बन पाई है। जिसके चलते गांव के करीब ढई सौ से ज्यादा आबादी के लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को आज भी अगर गांव में कोई बीमार हो जाए तो उसको इलाज के लिए चारपाई पर लिटा कर ले जाते है। बच्चों को स्कूल जाने और आने के लिए खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है व 3-3 किलोमीटर पैदल जाना पड़ता है।
सड़क नहीं सुधारी तो किसी भी पार्टी के नेता को गांव में नहीं देंगे घुसने
ग्रामीणों का कहना है कि प्रदेश में कांग्रेस की भी सरकार रही और भाजपा की सरकार रही। किसी भी सरकार ने उनकी सड़क को गंभीर नहीं लिया और आलम यह है कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी उनकी सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने सरकार व प्रशासन और क्षेत्र के विधायक को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर सड़क का निर्माण नहीं करवाया गया तो आने वाले विधानसभा चुनावों का बहिष्कार करेंगे । साथ ही किसी भी पार्टी के नेता को गांव में घुसने नहीं देंगे।
