Mandi, Dharamveer-:राज्य स्वास्थ्य समिति (एनएचएम) अनुबंध कर्मचारी संघ हिमाचल प्रदेश की राज्य कार्यकारिणी के चुनाव आगामी 11 जनवरी को मंडी में आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी संघ के उपाध्यक्ष नवनीत गुलेरिया ने दी। उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए प्रदेशभर से एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत अनुबंध कर्मचारी मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन में भाग लेंगे। सम्मेलन के उपरांत लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नई राज्य कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
नवनीत गुलेरिया ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आज से पुरानी राज्य कार्यकारिणी और कोर कमेटी को भंग कर दिया गया है। नई कार्यकारिणी के गठन तक सभी संगठनात्मक जिम्मेदारियां अस्थायी रूप से समाप्त रहेंगी। चुनाव संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी संदीप शर्मा, जिला शिमला को सौंपी गई है। इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला संगठनों सहित एनएचएम के मिशन निदेशक को भी सूचित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य स्वास्थ्य समिति अनुबंध कर्मचारी संघ का मुख्य उद्देश्य एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करवाना है। वर्तमान में करीब 1700 कर्मचारी पिछले 24 वर्षों से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें नियमित नहीं किया गया है। यह कर्मचारियों के साथ अन्याय है और संघ इसे लेकर लगातार संघर्ष करता आ रहा है।
नवनीत गुलेरिया ने बताया कि मंडी में होने वाले सम्मेलन के दौरान कर्मचारियों की समस्याओं, मांगों और भविष्य की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। संघ आगामी समय में आंदोलनात्मक कार्यक्रमों और सरकार से संवाद की रूपरेखा भी तय करेगा, ताकि एनएचएम कर्मचारियों को उनका हक मिल सके।
Chandrika
