सोलन/योगेश शर्मा: चुनाव नजदीक आते ही कर्मचारी प्रदेश सरकार से अपनी मांगे मनवाने के लिए आगे आने लगे हैं । इसी कड़ी में मंगलवार को सोलन के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सिलाई कटाई कर्मचारी संघ द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें कर्मचारियों ने सरकार के समक्ष मांग रखी कि सिलाई कटाई कर्मचारी संघ हिमाचल प्रदेश के लिए स्थाई नीति बनाने की घोषणा प्रदेश सरकार जल्द लागू करें।
प्रेस वार्ता के दौरान सिलाई कटाई कर्मचारी संघ हिमाचल प्रदेश के महामंत्री नीना शर्मा ने कहा कि वे पिछले 25-26 वर्षों से लगातार पंचायतों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वर्ष 2017 से नियमित रूप से वे पंचायत कार्यालय में पंचायत सचिव के साथ में पूरा कार्य कर रहे हैं,परिवार रजिस्टर, नकल, BPL प्रमाण पत्र,जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, ग्राम सभा द्वारा पारित प्रस्ताव की प्रतिलिपि तैयार करना, सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं को पंचायत द्वारा क्रियान्वित करने में सहयोग तथा पंचायत के कार्य ऑनलाइन अपलोड करना जैसे कार्य कर रहे हैं। नीना शर्मा ने कहा कि प्रदेशभर में सिलाई कटाई की 1729 कर्मचारी है और अभी तक 63 कर्मचारियों को पंचायत सचिवों में अनुबंध आधार पर नियुक्त किए जा चुके हैं।
नीना शर्मा ने कहा कि 5 सालों में कई बार पंचायती राज मंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें स्थाई नीति बनाने की आश्वासन दिया गया है लेकिन अभी तक किसी भी तरह की घोषणा को लागू नहीं किया गया है। नीना शर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री एक गरीब परिवार से संबंध रखते हैं ऐसे में वह कर्मचारियों को दर्द को भी बखूबी जानते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कल होने वाली कैबिनेट बैठक में सिलाई कटाई कर्मचारी संघ के लिए बनाई गई स्थाई नीति को लागू करने की बात करें।
