नाहन /देवेन्द्र कुमार- मास्टरों स्पोर्ट्स एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश की कार्यकारिणी बैठक पौंटा साहिब में राजेंद्र शर्मा प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि आगामी माह 21-22 जनवरी को पोंटा साहिब में राज्यस्तरीय पुरुष एवं महिला मास्टर गेम्स का आयोजन किया जाएगा। जिसमें बास्केटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, वालीबॉल, कबड्डी एवं फुटबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
राष्ट्रीय स्तर प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने का मौका
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के अंतर्गत चयनित टीमों एवं खिलाड़ियों को 2 से 5 फरवरी 2023 को हैदराबाद में होने वाली राष्ट्रीय स्तर प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने का मौका प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न टीमों के लिए हिमाचल प्रदेश की टीमों का चयन भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में किया जाएगा। बैठक में पीसी भंडारी बास्केटबॉल, अर्जुन सिंह नागरा हॉकी, पंकज शर्मा बैडमिंटन, विजय यादव एथलेटिक्स, त्रिलोकनाथ सिंह वॉलीबॉल,महेंद्र सिंह राठौर कबड्डी एवं विनोद शंकर को फुटबॉल प्रतियोगिताओं के आयोजन का कन्वीनर नियुक्त किया गया ।
एथलेटिक्स के अलावा अन्य खेलों में भाग लेने वाली टीमों को 18 जनवरी 2023 तक अपनी टीम की एंट्री एवं एफीलिएशन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। प्रत्येक खिलाड़ी के लिए 1000 प्रति खिलाड़ी एंट्री फी के रूप में देने होंगे। जिसमें एंट्री के साथ भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था भी संघ द्वारा की जाएगी । जल्द ही अगले माह 21-22 जनवरी 2023 को पौंटा साहिब में आयोजित हो रही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का पूरा ब्यौरा मीडिया के माध्यम से सूचित कर दिया जाएगा। जिसमें सभी खेलों के कन्वीनर और एंट्री एफीलिएशन फीस के लिए अकाउंट नंबर आदि की जानकारी सांझा की जाएगी।
