Shimla,Sanju-:ऐतिहासिक रिज मैदान पर राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह आज पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने की। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर तथा लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान भव्य परेड, विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां तथा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एकलव्य कला मंच, हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रथम वाहिनी आई.आर.बी.एन. बनगढ़, ऊना द्वारा एंटी चिट्टा अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें युवाओं को नशे से दूर रहने का सशक्त संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला से जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तराखंड सहित जिला शिमला और हमीरपुर के सांस्कृतिक दलों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। पुलिस विभाग की झांकी में चिट्टा जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों को दर्शाया गया। इसके अलावा सेना, कृषि, उद्यान, वन, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन सहित अनेक विभागों ने अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
समारोह में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने चौपाल क्षेत्र के ऋतिक चौहान को वर्ष 2024 के उत्तम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया। ऋतिक ने रेलवे ट्रैक पर खेल रही दो बच्चियों की जान बचाकर अदम्य साहस का परिचय दिया।परेड कमांडर लेफ्टिनेंट शाश्वत तिवारी के नेतृत्व में सेना, अर्धसैनिक बलों, पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड सहित विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट किया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।
