ऊना,राकेश-:ऊना में आज भारतीय जनता पार्टी के उद्योग प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पार्टी कार्यालय में हुआ, जिसमें प्रदेश भर से उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्घाटन पूर्व उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सती ने संयुक्त रूप से किया।
मीडिया से बातचीत में विक्रम ठाकुर ने कहा कि भाजपा में विभिन्न वर्गों के लिए अलग-अलग प्रकोष्ठ बनाए गए हैं, जिनका उद्देश्य संबंधित क्षेत्रों की समस्याओं और संभावनाओं पर केंद्रित चर्चा करना है। उद्योग प्रकोष्ठ की इस बैठक में प्रदेश के उद्योगपतियों द्वारा सामना की जा रही चुनौतियों, निवेश के माहौल और औद्योगिक विकास को गति देने के उपायों पर विस्तृत मंथन किया जाएगा।उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट आयोजित की गई थी और केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी पैरवी की गई। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश को बल्क ड्रग पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं मिलीं।विक्रम ठाकुर ने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों में उद्योगों की स्थिति कमजोर हुई है।उद्योग संचालकों को विभिन्न प्रशासनिक दिक्कतों और कर संबंधी बोझ का सामना करना पड़ रहा है, जिससे निवेश प्रभावित हुआ है।उन्होंने कहा कि कार्यशाला के दौरान एक ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिससे उद्योगों को स्थिरता और विस्तार के अवसर मिल सकें।कार्यक्रम में उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव साझा किए और प्रदेश में अनुकूल औद्योगिक वातावरण बनाए जाने पर जोर दिया।
