ऊना, राकेश -: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को जिला ऊना के गांव रक्कड़ स्थित कृष्णा कॉलोनी में नई पेयजल योजना का लोकार्पण किया। एशियाई विकास बैंक (ADB) के सहयोग से तैयार इस योजना पर करीब 6.10 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिससे क्षेत्र की लगभग 10 हजार आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आम लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी आवश्यक सेवा को सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने जानकारी दी कि एडीबी परियोजना के तहत जिला ऊना में 124 करोड़ रुपये की लागत से 19 पेयजल योजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से 16 लगभग पूरी हो चुकी हैं। इस दौरान 62 जल टैंक बनाए गए हैं और करीब 254 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। गगरेट क्षेत्र की शेष योजनाओं को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि ऊना विधानसभा क्षेत्र में देहलां, बनगढ़ और रक्कड़ कॉलोनी की तीनों योजनाएं करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से पूरी कर लोगों को समर्पित कर दी गई हैं। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजनाओं के संचालन में गुणवत्ता और लोगों की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।रक्कड़ क्षेत्र में सीवरेज और जल निकासी की समस्या पर उन्होंने कहा कि यह इलाका हाल ही में नगर निगम के अधीन आया है और भविष्य में इसे योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।
