संजीव महाजन,नूरपुर: पौंग झील के किनारे खाली पड़ी ज़मीन पर बीते दिनों ट्रैक्टर से खेती करने मामला सामने आया था। इस मामले में वन्य प्राणी विभाग अपनी जांच को जारी रखे हुए हैं। वहीं पौंग झील किनारे खाली जमीन पर हो रही बिजाई को लेकर अब वन्य प्राणी विभाग सख्त हो गया हैं। यहां बिजाई को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। वन्य प्राणी विभाग की ओर से पौंग झील किनारे खाली जमीन पर हो रही खेती पर कड़ा एक्शन लेने के लिए ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।
विभागीय टीमों की ओर से भी जगह-जगह दबिश दी जा रही हैं। इस बार जोर-जबरदस्ती या सत्ता का रौब दिखाकर खेती करने वालों के खिलाफ भी वन्य प्राणी विभाग काफी सख्त रवैया अपनाए हुए हैं। प्रतिबंध के बाद खेती करने वालों पर रोक न लगाए जाने को लेकर पर्यावरण प्रेमी मिलखी राम शर्मा, कुलबंत सिंह, उजागर सिंह इत्यादि ने हाईकोर्ट में याचिका लगा रखी है जिस पर हाईकोर्ट काफी सख्त हैं।
वन्य प्राणी विभाग हमीरपुर के डीएफओ रेजीनोड रॉयस्टोन ने किसानों के साथ बैठक की ओर किसानों की बात को सुना। किसानों ने पौंग झील किनारे खाली जमीन पर बिजाई करने की अनुमति मांगी लेकिन डीएफओ हमीरपुर ने दो टूक शब्दों में चेताया कि किसी को भी झील किनारे खेती नहीं करने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि झील किनारे खेती करना प्रतिबंधित है और अगर किसी ने खेती करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में किसी भी व्यक्ति को खेती नहीं करने दी जाएगी।
