मंडी,धर्मवीर(TSN)-मंडी जिला के वन परिक्षेत्र पनारसा के तहत आने वाली ग्राम पंचायत जलाकाशना के जला गांव में एक तेंदुआ बीती रात करीब 12 बजे एक गौशाला में जा घुसा।तेंदुए के गौशाला में घुसते ही दरवाजा भी अपने आप बंद हो गया।ग्रामीणों को जब इस बात का पता चला तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर गौशाला के दरवाजे को बाहर से और मजबूती के साथ बंद कर दिया।जिसके बाद इसकी सूचना वन विभाग को दी।
बता दें कि वन विभाग पनारसा की टीम ने रात करीब 2 बजे मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वाइल्ड लाइफ कुल्लू की टीम को इसकी सूचना दी।वाइल्ड लाइफ कुल्लू की टीम ने आज सुबह मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की और ट्रेंकुलाइज्र की मदद से तेंदुए को बेहोश करके उसको सुरक्षित रेस्क्यू करके उसे जांच के लिए चिकित्सालय भेज दिया है।
तेंदुए को बेहोशी का इंजेक्शन देकर वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू
डीसीएफ मंडी वासु डोगर ने जानकारी देते हुए बताया कि गौशाला में चार भेड़ें थी जिसमें से तेंदुए ने दो को मार दिया है जबकि बाकी दो पूरी तरह से सुरक्षित हैं।नर तेंदुए की उम्र 12 से 15 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है।उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित खंड अधिकारी उम्मीद सिंह और वन रक्षक सुरभि रात को ही मौके पर पहुंच गए थे।कुल्लू वन्यजीव प्रभाग की टीम जिसमें डॉ सुब्रमण्यम, चमन लाल, देश राज, जय प्रकाश और कमल द्वारा सुबह के समय बचाव कार्य शुरू किया गया और लगभग दो घंटे के बाद बचाव कार्य सफल रहा। बचाव अभियान डीएफओ वाइल्ड लाइफ कुल्लू राजेश और एसीएफ नवजोत सिंह भी मौके पर मौजूद रहे।
