राकेश, ऊना: भूकंप, आगजनी ओर रसायनिक रिसाव जैसी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए राहत व बचाव कार्यों किस तरह से किया जाना चाहिए इसकी जानकारी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना की ओर से एनडीआरएफ के सहयोग से 19 जनवरी को दी जाएगी। इस दिन दोपहर 12 बजे हरोली उपमंडल के गांव बाथू स्थित सुखजीत एग्रो इंडस्ट्री परिसर में आपदा प्रबंधन के विषय पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस मॉक ड्रिल में भूकंप के साथ-साथ आगजनी ओर रसायनिक रिसाव जैसी आपदा की स्थिति को दर्शाते हुए राहत व बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।
इस मॉक ड्रिल के आयोजन को लेकर एक बैठक का आयोजन बुधवार को किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ऊना डॉ.अमित कुमार शर्मा ने बताया कि मॉक ड्रिल की दोपहर चेतावनी अलार्म के साथ होगी। उसके बाद संबंधित कंपनी प्रबंधन की ओर से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को सूचित किया जाएगा ओर डीडीएमए ऊना की ओर से अति शीघ्र संबंधित विभागों को सूचना दी जाएगी। इसके बाद निर्धारित स्थल पर राहत व बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रयास किया जाएगा।
मॉक ड्रिल की पूरी प्रक्रिया मुकम्मल होने के बाद सभी प्रतिभागी विभाग एक स्थल पर एकत्रित होंगे ओर मॉक ड्रिल प्रक्रिया में की गई कार्रवाई का विश्लेषण करेंगे। बैठक में एनडीआरफ की 14वीं बटालियन के रीजनल रिसर्च सेंटर इकाई नालागढ़ की ओर से आपदा बचाव बल ओर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विषय में पावर पॉइंट के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
