संजू चौधरी, शिमला: शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की पहली कैबिनेट बैठक सचिवालय में होगी। इस पहली कैबिनेट की बैठक में सरकार अपने वायदे और अपनी गारंटीयों के तहत प्रदेश के कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन का तोहफ़ा देगी। शिमला सचिवालय में कर्मचारियों के साथ मिलन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि कैबिनेट की बैठक में ओपीएस बहाल की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने लोगों को ठगने का ही काम किया है इसलिए वे ठग की उपाधि के हकदार हैं।
सचिवालय में सुखविंदर सिंह सुक्खू का कर्मचारियों ने गुरुवार को जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैं भी एक सरकारी कर्मचारी का बेटा हुं। उनको कर्मचारियों की तकलीफ का भली-भांति पता हैं, इसलिए कल होने वाली कैबिनेट की बैठक में सरकार ओपीएस को लेकर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से भी सहयोग की अपील की है और कहा है कि जरूरतमंद और निचले स्तर के व्यक्ति तक सुविधाएं और योजनाओं का लाभ पहुंचे उसके लिए कर्मचारी उनका सहयोग करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश का पूरा खजाना खाली किया हैं जिसके चलते मजबूरी में कर्ज की सीमा को भी बढ़ाना पड़ा है,लेकिन बावजूद इसके सरकार कर्मचारियों को ओपीएस देगी और प्रदेश हित में और भी बड़े निर्णय लेने से सरकार पीछे नहीं हटेगी। इसके लिए संसाधनों का भी दोहन किया जाएगा। भाजपा सरकार ने केवल लोगों को ठगने के लिए राजनीतिक लाभ के मकसद से 900 संस्थान खोल दिए लेकिन पैसे का प्रावधान नहीं किया। केवल लोगों को ठगने का कार्य भाजपा ने किया हैं, इसलिए भाजपा को ठग सरकार की उपाधि दी जानी चाहिए।
