मंडी : धर्मवीर – जर्मनी के बर्लिन में 17 से 25 जून तक होने वाली विशेष ओलंपिक समर गेम्स में भारतीय यूनिफाइड वालीबाल टीम में सुंदरनगर के साकार स्कूल के छात्र सूरज का चयन हुआ है। खिलाड़ी सूरज के सम्मान में विशेष ओलंपिक्स भारत मंडी चैप्टर द्वारा सुंदरनगर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक राकेश जंवाल ने मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की। विशेष अतिथि के रूप में विशेष ओलंपिक्स भारत मंडी चैप्टर के अध्यक्ष जगदीश राणा उपस्थित रहे।
विधायक राकेश जंवाल ने खिलाड़ी सूरज व कोच अमन को सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक राकेश जंवाल ने कहा कि सुंदरनगर के खिलाड़ी सूरज का जर्मनी के बर्लिन में विशेष ओलंपिक्स की समर गेम्स में चयन होना क्षेत्र सहित हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि सूरज इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करेगा। राकेश जंवाल ने कहा कि सूरज की मेहनत और विशेष ओलंपिक्स भारत की राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका नड्डा के प्रयासों से ही यह संभव हो पाया है। विशेष ओलंपिक्स भारत मंडी चैप्टर के अध्यक्ष जगदीश राणा ने कहा कि सूरज जर्मनी के बर्लिन में होने वाली विशेष ओलंपिक्स समर गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। सूरज के चयन होने से हिमाचल प्रदेश सहित सुंदरनगर का नाम ऊंचा हुआ है । उन्होंने इसका श्रेय सूरज की मेहनत और विशेष ओलंपिक्स भारत की राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका नड्डा को दिया है।
