अनिल कुमार, किन्नौर: हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने गुरुवार को किन्नौर जिला के कल्पा उपमंडल में 3 करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से निर्मित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास किए। उन्होंने जिले के कल्पा स्थित 1 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से नव-निर्मित पार्किंग का लोकार्पण किया। उन्होंने कल्पा में 1 करोड़ 9 लाख रुपए की राशि से निर्मित राजीव सदन का लोकार्पण किया। उन्होंने जिले के रिकोंगपिओ स्थित एच.डी.एफ.सी बैंक के समीप शौचालय का शिलान्यास व वर्षा शालिका का लोकार्पण किया जिस पर 19 लाख 17 हजार रुपए की राशि व्यय की जा रही है।
सूरत नेगी ने 47 लाख 15 हजार रुपए की राशि व्यय कर थंगोतो से पाशा कंडा तक बनाए गए जीप योग्य सड़क का लोकार्पण किया। उन्होंने कल्पा स्थित टूरिज्म के भवन से माहुनांग मंदिर तक जीप योग्य सड़क का शिलान्यस किया जिस पर 10 लाख 82 हजार रुपये की राशि व्यय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला सहित कल्पा विश्व भर में पर्यटन गतिविधियों के लिए जाना जाता है। प्रदेश सरकार की ओर से जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं तथा जिले में अनछुए पर्यटक स्थलों की पहचान की जा रही है। जिले में साहसिक पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है ओर इसके लिए हाल ही में पैरा-गलाईडिंग व रिवर राफ्टिंग की संभावनाओं को तलाशने के लिए ट्रायल किए गए हैं। जिले में पर्यटकों के लिए अधोसंरचनाएं विकसित की जा रही है जिसमें स्थानीय लोगों की भागीदारी से होम-स्टे को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि कल्पा में तैयार की पार्किंग से क्षेत्र के लोगों सहित यहां आने वाले पर्यटकों को अपने वाहन सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पार्किंग के बन जाने से ट्रैफिक की समस्या का भी निपटारा सुनिश्चित होगा।
उन्होंने कहा कि थंगोतो से पाशा कंडा तक बनी जीप योग्य सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को कण्डों पर उगने वाली फसलों को मंडी तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी जिससे जहां उनके धनराशि की बचत होगी वही समय भी बचेगा। उन्होंने कहा कि जिले के लगभग सभी कण्डों को सड़क सुविधा से जोड़ा जा रहा है ओर कण्डों पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार जनजातीय जिलों के चहुमुखी विकास कि प्रति हमेशा ही वचनबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि गत साढ़े चार वर्षों में जनजातीय जिला किन्नौर में प्रदेश सरकार की ओर से क्षेत्र में अभूतपूर्वक विकास सुनिश्चित बनाया गया है।
