संजू चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर इन दिनों राज्य संग्रहालय और भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इस प्रदर्शनी में कुल्लू शॉल, चंबा रुमाल, किन्नौर शॉल और वुडन क्राफ्ट के स्टॉल लगाए गए है। इस सबके बीच यहां बुद्धिज्म को दर्शाने वाली थांका पेंटिंग हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींच रही है। प्रदर्शनी में एक थांका पेंटिंग है जिसका दाम एक लाख रुपए है। अब कोई यह पेंटिंग खरीद सके या नहीं, लेकिन इस पेंटिंग को देखने प्रदर्शनी में लोग जरूर पहुंच रहे है। शहर भर में इस पेंटिंग के चर्चे हैं।
थांका पेंटिंग को बेहद खास माना जाता हैं। इस एक लाख रुपए की पेंटिंग के बॉर्डर पर 24 कैरेट सोने का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा पेंटिंग बनाने में तिब्बत से आने वाले स्टोन पाउडर भी प्रयोग में लाया गया है। इस थांका पेंटिंग को बनाने में 11 दिन से ज्यादा का समय लगा है। थांका पेंटिंग को बनाते वक्त बेहद बारीकी से काम किया जाता है। इस पेंटिंग में जब भगवान बुद्ध का मुंह बनाया जाता है, तो पवित्रता का भी खास ध्यान रखा जाता है।

पेंटिंग स्टॉल चलाने वाले सोनम का कहना है शिमला के लोग काफी अच्छी पेंटिंग की खरीददारी कर रहे है। लोग यहां आकर एक लाख रुपए वाली पेंटिंग के बारे में पूछते है,लेकिन स्टॉक में इसे नहीं लगाया गया है। जब लोग उत्सुकता से पेंटिंग के बारे में पूछते हैं, तो वे खुद भी गौरान्वित महसूस करते है। साथ ही ये भी बताया की रात रात भर बैठ कर पूरा परिवार सारी पेंटिंग बनाता है इसमें काफी खर्चा भी आता है लेकिन जब अच्छी खरीददारी लोग करते है तो अच्छी कमाई हो जाती है।
