मंडी,धर्मवीर(TSN)-मंडी जिला में क्रिकेट मैच के दौरान 29 वर्षीय युवक की दुखद मौ.त हो गई है।घटना जिला के धर्मपुर उपमंडल की है।बताया जा रहा है कि युवक मैच के दौरान बॉलिंग कर रहा था और इस दौरान उसे चक्कर आ गया।जिसके बाद युवक को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।मृतक युवक की पहचान विजय कुमार पुत्र कृष्ण चंद गांव कपाही, सरी तहसील धर्मपुर के रूप में हुई है।
मंडी जिला के धर्मपुर में मैच के दौरान पेश आयी यह दुखद घटना
मिली जानकारी के अनुसार राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर के खेल मैदान में युवक मंडल धर्मपुर द्वारा इन दिनों क्रिकेट ट्रॉफी का आयोजन किया जा रहा है।मंगलवार को सरी टीम का मैच कुज्जाबल्ह की टीम के साथ खेला जा रहा था।कुज्जाबल्ह की टीम मैच के दौरान पहले बल्लेबाजी कर रही थी।सरी टीम की ओर से विजय कुमार गेंदबाजी कर रहा था।तीन गेंद पूरी करने के बाद चौथी गेंद डालने के लिए विजय कुमार जैसे ही पीछे मुड़ा तो गश खाकर मैदान पर गिर गया।विजय को गिरता देखकर सभी खिलाड़ी उसकी ओर भागे। जिसके बाद उसे उठाकर तुरंत सिविल अस्पताल धर्मपुर पहुंचाया,लेकिन उपचार के दौरान विजय कुमार की मौ.त हो गई।बताया जा रहा है मृतक युवक की अभी शादी भी नहीं हुई थी।डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकाघाट भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में युवक को हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है।लेकिन पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौ.त के सही कारणों का पता चल पाएगा।
