बीबीएन : जगत सिंह- भारतीय किसान यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल एकत्रित होकर एसडीएम नालागढ़ से मिला । एसडीएम के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को एक ज्ञापन भेजा गया और ज्ञापन के माध्यम से जहां किसानों आंदोलन के दौरान नालागढ़ के किसानों पर दर्ज किए गए मामलों को रद्द करने की मांग उठाई गई है । वहीं किसानों ने पिछले दिनों क्षेत्र में हुई तेज बारिश और तूफान के कारण गेहूं की फसल के नुकसान को लेकर पंजाब हरियाणा की तर्ज पर उचित मुआवजे की मांग उठाई है।
भारतीय किसान यूनियन ने एसडीएम के माध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापन
किसानों का कहना है कि फसल बेचने में किसानों को टोकन हर बार लेना पड़ता है जिसके कारण जो किसान लाइनों में रहते हैं उनको फसले बेचने में बड़ी दिक्क़त आती हैं और जिसके कारण किसानों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है किसानों ने टोकन सिस्टम को बंद करने की मांग उठाई है और कहा है कि एक ही बार पहचान पत्र के माध्यम से टोकन दिया जाए ताकि किसान मंडी में आकर अपनी फसलों को आसानी से बेच सकें। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देकर कहा है कि अगर जल्द ही उनकी मांगों को गंभीरता से लेकर नहीं माना गया तो वह एकत्रित होकर उग्र आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।
इस बारे में मीडिया से बातचीत करते हुए एसडीएम दिव्यांशु सिंगल ने बताया कि भारतीय किसान यूनियन की ओर से एक मांग पत्र उनके माध्यम से सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को दिया गया है । जिसे प्राथमिकता के तौर पर सीएम सुखविंदर सिंह को फॉरवर्ड किया जा रहा है। ताकि मामले में समय रहते कार्रवाई की जा सके।
