बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- केंद्र सरकार ने पूर्व सैनिकों के हितों की अनदेखी की है। जिसके चलते पूर्व सैनिकों में रोष है। केंद्र सरकार को वन रैंक वन पेंशन विसंगतियों को दूर करने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए ताकि पूर्व सैनिकों को लाभ मिल सके।
वैटर्न पूर्व सैनिकों ने सोमवार को शहीद स्मारक बिलासपुर में प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने शहीद स्मारक बिलासपुर से उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली। वहीं, केंद्र सरकार से आग्रह किया कि केंद्र सरकार वन रैंक वन पेंशन विसंगति को दूर करे। इस दौरान वैटर्न पूर्व सैनिक कैप्टन बालक राम ने कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्व सैनिकों को बांटने का कार्य किया है। इसके अलावा वीर नारियों के हितों की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि वन रैंक वन पेंशन में विसंगति दूर करने को लेकर पूर्व सैनिकों को आंदोलन करना पड़ रहा है। दिल्ली जंतर मंतर में पूर्व सैनिक आंदोलन कर रहे हैं। जोकि चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के हितों, वीर नारियों को लेकर केंद्र सरकार को उचित कदम उठाने चाहिए। ताकि यह विसंगति दूर हो सके।
