अनिल कुमार,किन्नौर: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज जिला किन्नौर में भाजपा प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जीत दिलवाने की अपील उपस्थित जनता से की। इसके बाद मुख्यमंत्री देश के प्रथम मतदाता स्वर्गीय मास्टर श्याम शरण नेगी जिनका 5 नवंबर को निधन हुआ था उनके परिजनों को सांत्वना देने के लिए उनके निवास स्थान कल्पा पहुंचे। यहां पहुंच कर उन्होंने मास्टर श्याम सरन नेगी के चित्र पर माल्यार्पण किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त किया।
इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश के प्रथम वोटर मास्टर श्याम सरण नेगी ने जब से लोकतंत्र के पर्व में आहुति देनी शुरू की थी तब से वह बिना थके लोकतंत्र के पर्व में लगातार बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते रहे और अन्य लोगो को भी मतदान के लिए जागरूक करते रहे। उन्होंने कहा कि श्याम सरण नेगी के मृत्यु से देश को अपूर्णीय क्षति हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रथम मतदाता को हिमाचल ही नहीं बल्कि देश भी हमेशा याद करेगा और मृत्यु के अंतिम क्षण में भी उन्होंने मतदान किया है। ऐसे में देश के युवाओं को भी उन्होंने स्वर्गवास से पूर्व भी लोकतंत्र के महापर्व में भाग लेने के लिए प्रेरित किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्याम सरन नेगी के परिवारजनों से मिलकर संवेदनाएं प्रकट की है।
