राहुल चावला, कांगड़ा : प्रदेश में कल 12 नवंबर को विधानसभा चुनावों के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी की जानी है। ऐसे में आज शुक्रवार को जिला कांगड़ा उपायुक्त कार्यालय परिसर में कर्मचारियों ने मतदान की शपथ ली। कर्मचारियों को यह शपथ ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने दिलायी। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखने ओर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, मज़हब, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलवाई।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वह 12 नवंबर को घरों से निकल कर भारी संख्या में मतदान करें। इस दौरान राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के एनएसएस विद्यार्थियों ने स्वीप के तहत गीत संगीत के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान जिला कांगड़ा के उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि कल विधानसभा चुनावों में मतदान करने का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा इस दौरान जिला कांगड़ा के निवासी अपने नजदीकी पोलिंग स्टेशन में जाकर अपना मतदान कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों को लेकर जिला कांगड़ा प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं उन्होंने बताया कि सभी ट्रेंड पोलिंग पार्टियां भी अपने पोलिंग स्टेशनों पर पहुंच चुकी है और इन पोलिंग पार्टियो को ईवीएम मशीन भी मुहैया करवा दी गई है उपायुक्त के बताया कि पोलिंग पार्टियों के पास रिसर्व ईवीएम मशीन का प्रवधान भी कर दिया गया है ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि जिला कांगड़ा के दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल में भी चुनावों को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पोलिंग पार्टी को भी पोलिंग स्टेशन के लिए रवाना कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में कल शाम से ही धारा 144 को लागू कर दिया गया है और शराब की तस्करी व अन्य आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए निरीक्षण टीमों को जिला कांगड़ा के विभिन्न स्थानों पर तैनात कर दिया गया है, ताकि जिला कांगड़ा में शांतिपूर्ण चुनाव करवाए जा सके। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा के इंटर स्टेट नाकों पर भी अतरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और इस दौरान अगर कोई भी संदिग्ध गतिविधि होती है तो उस पर सख्त करवाई जिला प्रशासन की ओर की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में कुल 1627 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसमें से 291 संवेदनशील एवं 158 अति संवेदनशील मतदान केंद्र हैं । उन्होंने सभी लोगों से स्वतंत्र व निर्भीक होकर मतदान करने की अपील भी की। इस अवसर पर एसपी कांगड़ा ख़ुशाल शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त कंगड़ा गन्धर्वा राठौड़ सहित डीसी कार्यालय के कर्मचारी उपास्थित रहे।
