बिलासपुर (सुभाष ठाकुर): जहां प्रदेश सरकार गांव गांव को सड़क से जोड़ने की बात करती है। वही प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में सड़क जैसी मूलभूत समस्या से लोग परेशान हैं। मंत्री बनने के बाद लोगों में उम्मीद जगी थी कि पहली मर्तवा घुमारवीं से मंत्री बना है तो अब पिछले कई वर्षों की समसयाओं का निदान हो जाएगा। लेकिन सड़क जैसी मूलभूत समस्या का हल न हो पाना सरकार के उन दावों की पोल खोल रहा है। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले गांव दाबला, गतोल और रंडोह के गांववासी पक्की सड़क की सुविधा से मरहूम है।
बरसात के दिनों में पक्की सड़क नहीं होने के कारण लोगों को अपने गांव तक पहुंचने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। करीब 25 वर्ष पहले गांव के लोगो ने श्रमदान करके और पंचायत ने गांव के लिए एक कच्ची सड़क निकली थी। लेकिन इतनी वर्ष बीत जाने के बाद भी लोकनिर्माण विभाग इसे पक्का नही कर पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार वादे तो बड़े-बड़े करती है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से हर गांव को सड़क से मुख्य सड़क के साथ जोड़ा जाएगा पर उन्हें अभी तक आश्वासनों के अलावा उन्हें कुछ नहीं मिला। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में गांव के लोगों को मुख्य सड़क तक पहुंचने में काफी परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के समय ही गांव तक सड़क बनवाने की नेताओं के द्वारा बात कही जाती है। लेकिन उसके बाद कोई भी समस्या देखने तक कोई नहीं आता है। गांव के लोगों का कहना है कि उन्हें बरसात में अपना अति आवश्यक सामान लेन और ले जाने भारी समस्य होती है। यही नहीं इन गांव के बच्चों को स्कूल जाने के लिए भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है । बरसात के दिनों में सड़कें तालाब का रूप धारण कर लेती हैं जिस कारण पैदल चलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यही नहीं सड़क में भारी फिसलन होने के कारण दोपहिया वाहन भी नहीं चल पाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन तथा सरकार से मांग की है कि जल्द उनकी सड़क को पक्का किया जाए।
विभाग के पास इस काम के लिए फंड नहीं आया
लोक निर्माण विभाग घुमारवीं के अधिशासी अभियंता दीपक कपिल का कहना है कि यह सड़क नाबार्ड के अधीन है तथा विभाग ने इसकी डीपीआर बनाकर भेज दी है, लेकिन अभी तक विभाग के पास इस काम के लिए फंड नहीं आया है। जैसे ही नाबार्ड की तरफ से फंड अप्रूव होगा सड़क को पक्का कर दिया जाएगा।
