सोलन -: राज्य स्तरीय सायरोत्सव मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों और क्षेत्रवासियों को सायरोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए मेलों को हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।संजय अवस्थी ने कहा कि मेले और त्यौहार लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों के जरिए लोगों को आपसी भाईचारा बढ़ाने के साथ-साथ प्रदेश की लोक संस्कृति, रीति-रिवाजों और परंपराओं को जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को लेकर लगातार कार्य कर रही है, ताकि युवा पीढ़ी अपनी जड़ों और विरासत से जुड़ी रहे।
विधायक ने कहा कि अर्की का सायरोत्सव ऐतिहासिक एवं धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। करीब 388 वर्षों से आयोजित किया जा रहा यह मेला आज भी क्षेत्र के लोगों की आस्था और परंपरा का प्रतीक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने अर्की विधानसभा क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में बीते वर्षों के दौरान विभिन्न विकास कार्यों को गति दी गई है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।सांस्कृतिक संध्या के दौरान प्रसिद्ध गायक गौरव कौंडल, हेमंत शर्मा और काकू ठाकुर सहित स्थानीय कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लिया।

