सोलन : योगेश शर्मा- हिमाचल प्रदेश में भांग की खेती को वैधता देने के लिए सरकार द्वारा हर जिले में बैठकों का दौर किया जा रहा है।इसी कड़ी में शुक्रवार को डीसी कार्यालय सोलन मे भांग की खेती को वैधता प्रदान करने के संबंधित प्राधिकृत समिति की एक बैठक आयोजित की गई,जिसमें सभी समिति पदाधिकारियों और पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने की । भांग की खेती को हिमाचल में वैधता देने के विषय पर मंत्री जगत सिंह नेगी ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की । बागवानी मंत्री ने इस दौरान कहा कि भांग की खेती को लेकर सरकार हिमाचल में बीज भी मुहैया करवाएगी, वहीं इस भांग का उपयोग दवाइयों के लिए किया जाएगा। इस दौरान बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि सरकार ने भांग वैधता को लेकर कमेटी गठित की है। सरकार ने भांग की खेती को कानूनी दायरे में लाने के लिए सभी की राय लेने की आवश्यकता समझी है, ताकि जनसमुदायों के विचारों को भी नीति निर्माण में शामिल किया जा सके।
