सोलन : योगेश शर्मा- हिमाचल प्रदेश में काफी लंबे समय से नंबरदारों की नियुक्ति नहीं की गई है । जिसको लेकर लगातार नंबरदार अपनी मांग सरकार के समक्ष रख रहे है , लेकिन अभी तक नंबरदार की बातों पर ध्यान नहीं दिया गया है ।इसको लेकर अब नंबरदार सरकार से नाराज दिखाई दे रहे हैं। लेकिन अब प्रदेश में नई सरकार आई है तो नम्बरदार संघ को भी अपनी समस्याओं के निराकरण की आस बंधी है।
सीएम सुक्खू औऱ राजस्व मंत्री जगत नेगी से करेंगे मुलाकात
नंबरदारों को पेश आ रही समस्याओं को लेकर सोमवार को सोलन तहसील नम्बरदार कल्याण संघ की पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस सोलन में बैठक हुई और तहसीलदार के माध्यम से मांगों से संबंधित के माध्यम से सरकार को एक ज्ञापन भेजा। संघ के पदाधिकारी जल्द ही इन समस्याओं को लेकर मुख्समंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी से भी मिलेंगे।
परिवार से ही हो नई नियुक्तियां
तहसील नम्बरदार कल्याण संघ सोलन के खेम सिंह ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे पिछले काफी समय से अपनी मांगों को सरकार के समक्ष रख रहे है,लेकिन अभी तक उनकी मांगो की तरफ ध्यान नही दिया गया है। उनकी मांग है कि पहले की तरह परिवार से ही नए नम्बरदारों की नियुक्ति की जाए। इन्ही समस्याओं को लेकर आज बैठक में चर्चा हुई। बैठक में तय किया कि पहले तहसीलदार के माध्यम से सरकार को मांगों से संबंधित ज्ञापन भेजा जाएगा। इसके बाद राजस्व मंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी मिलेंगे।
जिला में नम्बरदारों के पद खाली
खेम सिंह ने कहा कि सोलन तहसील में नम्बरदारों की संख्या बेहद कम है सरकार इसको भरने की तरफ भी ध्यान दें। उन्होंने कहा कि नंबरदारों को पंचायत में स्थाई सदस्य नियुक्त किया जाए। यदि कभी भी कोई जमीन की रजिस्ट्री या शिनाख्त होती है तो नम्बरदारों को उसमें बुलाया जाना चाहिए ताकि भविष्य में कभी रेवेन्यू लेना है तो नंबरदारों को पता हो। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और सरकार के सामने कई बार नम्बरदार अपनी इन बातों को रख चुका हैं लेकिन अभी तक इसकी तरफ ध्यान नहीं दिया गया है। हर विभाग के साथ नंबरदारों को जोड़ा जाना चाहिए।
