संजु चौधरी, शिमला(TSN): लोगों में बढ़ती हार्ट अटैक बीमारी को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की पर से शिमला में शनिवार को एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। प्रदेश भर से आए जिला स्वास्थ्य अधिकारियों को खासकर युवाओं में बढ़ती हार्ट अटैक बीमारी को लेकर जानकारी दी गई। कार्यशाला में प्रशिक्षण लेने के बाद जिला स्वास्थ्य अधिकारी अपने जिला में लोगों को हार्ट अटैक बीमारी के प्रति जागरूक करेंगे ताकि इससे बचा जा सके।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक प्रियंका वर्मा ने बताया कि कार्यशाला में युवाओं में बढ़ती दिल की बीमारी पर चिंता की गई हैं। उन्होंने कहा कि हार्ट अटैक का पहला घंटा काफी महत्वपूर्ण होता हैं। इसमें जो एहतियात ज़रूरी है उसके विषय में कार्यशाला में जानकारी दी गई हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में भी हार्ट अटैक की समस्या बढ़ रही है जिसका कारण खान पान और आलसी दिनचर्या के साथ बढ़ती नशे की प्रवृति हैं। इन सभी से बचकर हार्ट अटैक जैसी बीमारी से बचा जा सकता हैं।
