नाहन (देवेन्द्र कुमार): समुद्र तल से करीब 11,000 फीट की ऊंचाई पर तीर्थ शिवस्थली चूड़धार के लिए बन रहे ट्रैक में अनियमितताओं की जांच के लिए एसडीएम की अगुवाई में टीम पहुंची। टीम यहां जांच की रिपोर्ट तैयार कर डीसी सिरमौर को सौंपेंगी। दरअसल जयराम सरकार की महत्वपूर्ण नई मंजिल नई राही योजना के तहत चूड़धार के लिए एक ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। जिस पर एक करोड़ 48 लाख रुपए की राशि खर्च की जा रही है।
स्थानीय लोगों द्वारा ट्रैक निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने के आरोप लगाए गए, जिसके बाद डीसी ने यहां टीम गठित कर जांच के आदेश दिए है। लोगो ने न केवल डीसी को बल्कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत की थी। एसडीएम संगड़ाह विक्रम नेगी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की देखरेख में यह कार्य किया जा रहा है और शिकायत के बाद संयुक्त टीम यहां जांच करने पहुंची है। उन्होंने कहा कि जल्द जाँच रिपोर्ट तैयार कर डीसी को सौंपी जाएगी। शिकायतकर्ता ने बताया कि यहां ट्रैक के निर्माण कार्य मे भारी अनियमितताओं के बाद इसकी शिकायत की गई थी।
उन्होंने निर्माण कार्य की जांच करवाने के लिए डीसी सिरमौर का आभार जताया। गौरतलब है कि तीर्थ स्थली चूड़धार सालाना में पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालु में से कई श्रद्धालु घने जंगलों के बीच रास्ता भटक जाते थे। मगर अब यहां ट्रेक निर्माण होने से श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। चूड़धार में प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा बाहरी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और लंबे समय से ट्रैक बनाने की मांग यहां पर की जा रही थी जो आखिरकार अब पूरी होती नजर आ रही है।
